बेंगलुरु में मेट्रो यात्रा के दौरान एक महिला का कथित तौर पर चुपके से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है. महिला ने आरोप लगाया कि मंगलवार, 27 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे व्हाइटफील्ड रूट की ट्रेन में एक युवक मोबाइल से उसकी रिकॉर्डिंग कर रहा था. घटना के बाद महिला ने युवक का सामना किया और उससे फोन अनलॉक करने को कहा.
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में महिला युवक से पूछती दिख रही है कि वह उसकी रिकॉर्डिंग क्यों कर रहा था. मेट्रो सुरक्षा कर्मी भी मौके पर नजर आए. महिला का आरोप है कि युवक ने स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद अपना फोन वापस लिया और वहां से चला गया.
महिला ने यह भी कहा कि घटना के समय वह पूरी तरह ढकी हुई थी और उसके कपड़ों को इस मामले से जोड़ना गलत है. वीडियो सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने उससे घटना का विवरण साझा करने को कहा. पुलिस के अनुसार, मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. युवक की पहचान और रिकॉर्डिंग की पुष्टि से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है.
