आंध्र प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी विकास मरमट का ट्रांसफर कर दिया गया है. यह कार्रवाई बेंगलुरु के एक नाइटक्लब में पुलिस जांच के दौरान कथित बदसलूकी और मारपीट के मामले के बाद हुई है. मरमट को नई पोस्टिंग मिलने तक सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है.

मरमट 2019 बैच के अधिकारी हैं और ट्रांसफर से पहले कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर तैनात थे. KADA आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के विधानसभा क्षेत्र कुप्पम में विकास कार्यों की निगरानी करती है.

9 अक्टूबर की रात हुई घटना

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को रात करीब 1:30 बजे सेंट्रल क्राइम ब्रांच की टीम रेजिडेंसी रोड स्थित कैवोर नाइटक्लब में नाबालिगों को शराब परोसे जाने की जांच के लिए पहुंची थी. टीम ने कुछ लड़कियों से उनकी उम्र की पुष्टि करने के लिए दस्तावेज मांगे थे. पुलिस यह जांच कर रही थी कि कहीं कानूनी उम्र से कम लोगों को शराब तो नहीं परोसी गई.

इसी दौरान विकास मरमट और उनके साथ मौजूद लोगों पर पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा. हालांकि, ये आरोप हैं और मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

बेंगलुरु पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. इनमें विकास मरमट, रियल एस्टेट कारोबारी अभय उदय सिंह, बिहार निवासी कोचिंग सेंटर संचालक नीतीश और बाउंसर रोशन शामिल हैं. पुलिस ने मरमट को मुख्य आरोपी और बाकी तीनों को सह-आरोपी बताया है.

पुलिस के मुताबिक, घटना के अगले दिन सुबह मरमट और अन्य आरोपियों ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी थी.