बेंगलुरु और आसपास के इलाकों में पेइंग गेस्ट यानी PG आवासों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. अधिकारियों ने 64 PG में निरीक्षण किया, जिनमें 23 जगहों पर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पाए गए. इन सभी को नोटिस जारी किया गया है.
यह कार्रवाई PG में खराब गुणवत्ता का खाना परोसे जाने और साफ-सफाई की कमी से जुड़ी शिकायतों के बाद की गई. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की स्थिति, कच्चे माल की गुणवत्ता, लेबलिंग और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की जांच की.
खाने के पास रखी थी खटमल मारने की दवा
बोम्मासंद्रा स्थित नंदना एलीट PG में निरीक्षण टीम को डाइनिंग टेबल पर खाने की चीजों के साथ खटमल मारने वाला पाउडर रखा मिला. अधिकारियों के अनुसार, पीने के पानी की सुविधा वाले हिस्से में गैर-खाद्य सामग्री भी रखी गई थी और वहां स्वच्छता की स्थिति खराब थी. इन उल्लंघनों के चलते PG के डाइनिंग एरिया को सील कर दिया गया.
खाद्य सुरक्षा आयुक्त के मुताबिक, विभाग ने PG संचालकों और भोजन संभालने वाले कर्मचारियों को खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का इस्तेमाल करने और रसोई में स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया है. एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के इस्तेमाल या वितरण पर रोक की बात भी दोहराई गई है.
एक्सपायर्ड दही और अन्य सामान जब्त
जांच के दौरान कुछ PG से एक्सपायर्ड दही, चावल का आटा, बिसिबेले बाथ पाउडर, सिंथेटिक फूड कलर, काली मिर्च और बिना ब्रांड वाले मिश्रित खाद्य पदार्थ मिले. अधिकारियों ने इन्हें कानून के तहत जब्त किया.
विभाग ने भोजन की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच के लिए 12 खाद्य नमूने भी एकत्र किए हैं. इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है. आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और सामने आए उल्लंघनों के आधार पर की जा सकती है.
खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की चेतावनी
अधिकारियों ने कहा है कि PG संचालकों को Food Safety and Standards Act, 2006 और उससे जुड़े नियमों का पालन करना होगा. विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह अभियान कर्नाटक में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ चल रही व्यापक जांच का हिस्सा है. हाल के हफ्तों में विभाग ने होटल, रेस्तरां, ऑनलाइन डिलीवरी से जुड़े गोदामों और अन्य खाद्य कारोबारों में भी निरीक्षण किए हैं. हालांकि, PG मामलों में अंतिम जिम्मेदारी और आगे की कार्रवाई संबंधित जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होगी.
