बेंगलुरु में कर्नाटक फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) ने पेइंग गेस्ट यानी PG आवासों में विशेष खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चलाया. अधिकारियों ने शहर और आसपास के इलाकों में 64 PG की जांच की, जिनमें 23 संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किए गए.
जांच के दौरान कुछ PG से एक्सपायर्ड दही, चावल का आटा, बिसीबेले बाथ पाउडर, सिंथेटिक फूड कलर, काली मिर्च और गलत लेबल वाले खाद्य उत्पाद जब्त किए गए. अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की स्वच्छता, कच्चे माल की गुणवत्ता, लेबलिंग और इस्तेमाल की समय-सीमा समेत कई पहलुओं की जांच की.
खाने के पास मिली कीटनाशक पाउडर की डिब्बी
बोम्मासंद्रा स्थित नंदना एलीट PG में अधिकारियों को डाइनिंग टेबल पर खाने की चीजों के पास खटमल मारने वाला पाउडर मिला. PG में पीने के पानी वाले क्षेत्र के पास पुराने और अनुपयोगी सामान का ढेर भी पाया गया. समग्र स्वच्छता व्यवस्था को असंतोषजनक मानते हुए अधिकारियों ने डाइनिंग एरिया को सील कर दिया.
FSDA टीम ने जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के 12 नमूने भी एकत्र किए हैं. इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है. इसलिए नमूनों की गुणवत्ता या उनमें किसी मानक से जुड़ी गड़बड़ी पर अंतिम निष्कर्ष रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा.
PG संचालकों को स्वच्छता नियमों का पालन करने का निर्देश
विभाग ने PG संचालकों और भोजन तैयार करने या परोसने वाले कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है. निर्देशों में खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण, बेहतर गुणवत्ता वाले कच्चे माल का इस्तेमाल, रसोई और भोजन तैयार करने वाले क्षेत्रों की सफाई तथा एक्सपायर्ड सामान को तुरंत हटाना शामिल है.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब कर्नाटक में खाद्य प्रतिष्ठानों, होटलों, वेयरहाउस और अन्य खाद्य कारोबारियों के खिलाफ निरीक्षण अभियान तेज किया गया है. अधिकारियों ने PG में रहने वाले लोगों की ओर से भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर मिली शिकायतों के बाद यह विशेष जांच अभियान चलाया.
