बेंगलुरु में प्रेम विवाह से नाराज परिवार द्वारा राजस्थान की 21 वर्षीय पूजा को कथित तौर पर अगवा कराने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, पूजा ने करीब आठ-नौ महीने पहले 23 वर्षीय ओम प्रकाश से परिवार की इच्छा के खिलाफ शादी की थी. इसके बाद दोनों बेंगलुरु के अग्रहारा दसराहल्ली इलाके में रहने लगे थे.

पुलिस का कहना है कि पूजा के परिवार की ओर से चार लोग उसे वापस ले जाने के लिए बेंगलुरु पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने पूजा को घर से जबरन बाहर निकाला और Hyundai Venue कार में बैठाकर भागने लगे. स्थानीय लोगों के पीछा करने और विरोध के बीच कार तेज रफ्तार में कई वाहनों से टकरा गई.

हादसे में छह लोग घायल हुए. घायलों में 12 वर्षीय पृथ्वीराज, 9 वर्षीय यशिका, अमूल, मणि, संतोष और 57 वर्षीय जयलक्ष्मी शामिल हैं. जयलक्ष्मी के सिर में चोट लगी है और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने राजस्थान के राकेश, करण और अयान को हिरासत में लिया है. कार चला रहा सद्दाम मौके से फरार बताया जा रहा है. पूजा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है.