बेंगलुरु के राजाजीनगर में परिवार के सात सदस्यों की कथित हत्या के मामले में जांच के दौरान आरोपी की Toyota Etios कार से जुड़े कई सुराग सामने आए हैं. पुलिस के अनुसार, कार पर ‘PRESS’ स्टिकर और पीछे प्रेस संबंधी बैनर लगा था. जांचकर्ता आशंका जता रहे हैं कि इससे आरोपी को नियमित पुलिस जांच से बचने में मदद मिल सकती थी.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, शवों को ले जाने से पहले चिपकने वाले टेप की कई परतों में लपेटा गया था. कार से गुलाब जल या अन्य खुशबूदार पदार्थ भी मिलने की बात सामने आई है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर दुर्गंध दबाने के लिए किया गया. शवों को प्लास्टिक बैग, रस्सियों और बोरियों की मदद से अलग-अलग स्थानों पर ले जाने की आशंका है.

मामले में आरोपी इंदुशेखर पुलिस हिरासत में है. पुलिस उसके बयान और नाबालिग बेटी की कथित भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि कर रही है. तमिलनाडु के यरकौड क्षेत्र से आरोपी की पत्नी और सास के शव मिलने के बाद बरामद शवों की संख्या तीन हो गई है. बाकी शवों की तलाश जारी है. पुलिस ने कहा है कि पूछताछ में सामने आए दावों को जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों से सत्यापित किया जाना बाकी है.