कर्नाटक के बेंगलुरु में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कम से कम 100 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया. यह कार्रवाई उस समय हुई, जब मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार दिल्ली में SIR और भारत निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस नेताओं के साथ प्रदर्शन कर रहे थे.
बेंगलुरु में वामपंथी छात्र और युवा संगठनों तथा ‘माई वोट, माई राइट’ समूह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी. प्रदर्शनकारी केआर सर्कल के पास जुटे थे और ज्ञापन सौंपना चाहते थे. आरोप है कि पुलिस ने उन्हें कार्यालय की ओर बढ़ने से पहले ही हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए गए लोगों में पत्रकार और कार्यकर्ता आकार पटेल का नाम भी शामिल है.
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने छात्रों, वकीलों और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी की. प्रदर्शन की कवरेज कर रहे कुछ पत्रकारों और फोटोग्राफरों को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा. हालांकि, बेंगलुरु सिटी पुलिस के सेंट्रल डिवीजन के पुलिस उपायुक्त अक्षय एम. हाके ने कहा कि प्रदर्शनकारी बिना अनुमति के एकत्र हुए थे. उनके मुताबिक, उन्हें फ्रीडम पार्क जाने के लिए कहा गया, लेकिन निर्देश का पालन नहीं करने पर एहतियातन हिरासत में लिया गया और बाद में छोड़ दिया गया.
मुख्यमंत्री शिवकुमार ने घटना पर पूरी रिपोर्ट मांगी है. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार लोकतंत्र का मौलिक हिस्सा है और यदि अनावश्यक बल प्रयोग या ज्यादती हुई है तो जवाबदेही तय की जाएगी.
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने भी पुलिस को शांतिपूर्ण प्रदर्शनों में बाधा नहीं डालने के निर्देश दिए हैं. प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और SIR प्रक्रिया को रद्द करना है.
