बेंगलुरु के डोड्डाथोगुरु इलाके में नूडल्स ज्यादा तीखे होने की शिकायत को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. आरोप है कि शराब के नशे में तीन लोगों ने फास्ट-फूड दुकान के कर्मचारियों पर हमला किया. घटना 29 अक्टूबर की रात इलेक्ट्रॉनिक सिटी के पास हुई.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कर्मचारियों को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा. जब एक युवक उन्हें बचाने के लिए पहुंचा, तो उसके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई. स्थानीय लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया.
घायल कर्मचारियों की पहचान दीपक थापा, हेमा और लक्ष्मी लामा के रूप में हुई है. तीनों असम के रहने वाले हैं. आरोपियों की पहचान नागराज, चंद्रू और देवराज के रूप में बताई गई है, जो कर्नाटक के चामराजनगर जिले से संबंधित हैं.
घटना के बाद इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया. पुलिस मोबाइल वीडियो और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर आगे की जांच कर रही है. आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है.
