बेंगलुरु के पुलिकेशी नगर इलाके में मंगलवार, 20 अक्टूबर को एक निर्माणाधीन आवासीय इमारत की चौथी मंजिल पर हुए विस्फोट में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना जर्मिया रोड पर दोपहर करीब 2:30 बजे हुई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूरों को सड़क पर एक बैग मिला था. वे बैग को इमारत की चौथी मंजिल पर ले गए और उसे खोलने के बाद विस्फोट हुआ. घायलों की पहचान अलाउद्दीन और सूरज के रूप में हुई है. दोनों को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस इस संभावना की जांच कर रही है कि बैग में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस यानी IED था या विस्फोट किसी रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण हुआ. घटनास्थल पर एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड, Internal Security Division और बम निरोधक दस्ते ने जांच की.
पुलिस ने नमूने फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी भेजे हैं. कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि विस्फोट की सही वजह फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया है.
