बेंगलुरु के डोड्डाथोगुरु इलाके में 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले को पुलिस ने हत्या में बदल दिया है. पुलिस के अनुसार, मृतक उपेंद्र की पत्नी अनिता और मधुसूदन रेड्डी पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है.

मामला 12 अक्टूबर को सामने आया, जब उपेंद्र के भाई ने शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया था कि उपेंद्र बाथरूम जाते समय गिर गए थे और बाद में हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई. इसके आधार पर पुलिस ने पहले अप्राकृतिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी.

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद परिस्थितियां संदिग्ध लगीं. जांच के दौरान 5 नवंबर को मधुसूदन रेड्डी से पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने उपेंद्र की पत्नी के साथ संबंध होने और हत्या में कथित भूमिका स्वीकार की.

पुलिस के मुताबिक, उपेंद्र को दोनों के संबंधों का पता चल गया था और उसने उन्हें चेतावनी दी थी. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने हत्या की योजना बनाई और घटना को दुर्घटना व हार्ट अटैक जैसा दिखाने की कोशिश की.

अनिता को 6 नवंबर को उसके घर से हिरासत में लिया गया. पुलिस के अनुसार, उसने भी पूछताछ में कथित संलिप्तता स्वीकार की. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. मामले की आगे जांच जारी है.