बेंगलुरु पुलिस ने विधान सौधा में बम धमाके का फर्जी AI वीडियो Instagram पर पोस्ट करने के आरोप में बिहार के 25 वर्षीय प्रवासी मजदूर हजरत अली को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है और कुछ महीने पहले बेंगलुरु आया था. वह दिहाड़ी पर पाइप फिटिंग का काम करता था.

पुलिस के मुताबिक, वीडियो में अली विधान सौधा की ओर बंदूक चलाने का इशारा करता दिखता है. इसके बाद एडिटेड फुटेज में कर्नाटक विधानसभा भवन में विस्फोट जैसा दृश्य दिखाया गया. पोस्ट के साथ ‘Vidhanasabha Uda Diya Bam se’ कैप्शन लिखा था.

यह वीडियो Instagram के ‘jnx_king_h_g’ अकाउंट से पोस्ट किया गया था. पुलिस की डिजिटल निगरानी के दौरान मंगलवार को मामला सामने आया, जिसके बाद विधान सौधा थाने में केस दर्ज किया गया. बाद में संबंधित Instagram अकाउंट डीएक्टिवेट हो गया.

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो बनाने और पोस्ट करने के पीछे उसका मकसद क्या था. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि वीडियो तैयार करने या प्रसारित करने में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विधान सौधा में वास्तविक विस्फोट नहीं हुआ था.