बेंगलुरु के कोडिगेहल्ली इलाके में पार्क के पास मिले महिला के कंकाल की जांच के बाद पुलिस ने उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय फैयाज पाशा के रूप में हुई है, जबकि मृतका की पहचान 34 वर्षीय सुजाता के तौर पर की गई है.
पुलिस के अनुसार, सुजाता के कंकाल और अन्य मानव अवशेष 6 नवंबर को एक सुनसान जगह से बरामद हुए थे. इसके बाद कोडिगेहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की पहचान और मौत की परिस्थितियों की जांच शुरू की.
जांच में सामने आया कि सुजाता के पहले पति की करीब पांच साल पहले मौत हो गई थी. इसके बाद उसने फैयाज पाशा से विवाह किया था. दोनों की शादी को लगभग पांच महीने हुए थे. पुलिस का आरोप है कि घरेलू विवाद, शक और सुजाता के कथित विवाहेतर संबंध को लेकर विवाद के बाद उसकी हत्या की गई.
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की गई है. पुलिस अब हत्या के कारण, घटनाक्रम और शव को ठिकाने लगाने से जुड़े तथ्यों की आगे जांच कर रही है. आरोप अदालत में साबित होना बाकी है.
