कर्नाटक के बीदर जिले में पुलिस ने पाकिस्तान स्थित एक प्रतिबंधित संगठन और कथित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से संपर्क के आरोप में 24 वर्षीय युवक विशाल कुमार मेट्रे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, विशाल भालकी तालुक के येनाकूर गांव का निवासी है और BBA की पढ़ाई कर रहा था, हालांकि उसका कोर्स पूरा नहीं हुआ है.
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई. भालकी ग्रामीण सर्किल के सर्किल इंस्पेक्टर हनमारेड्डेप्पा की शिकायत पर 2 अक्टूबर को खटक चिंचोली थाने में मामला दर्ज किया गया. FIR में UAPA की धाराओं 18, 20 और 39 के साथ BNS की धाराएं 61(2) और 3(5) लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि इस मामले में दिसंबर 2025 से गुप्त जांच चल रही थी.
FIR के मुताबिक, 2 अक्टूबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि विशाल WhatsApp और Instagram के जरिए प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के सदस्यों और हथियार तस्करी से जुड़े लोगों के संपर्क में है. पुलिस टीम ने करीब 3:30 बजे उसे येनाकूर गांव में एक घर के पास पकड़ा. पूछताछ में विशाल ने आतंकी संगठनों या हथियार तस्करी से किसी भी संबंध से इनकार किया. इसके बाद उसका मोबाइल फोन जांच के लिए लिया गया.
पुलिस का दावा है कि मोबाइल और सोशल मीडिया की शुरुआती जांच में पाकिस्तान स्थित शाहजाद भट्टी, राणा हुसैन और नोमी खान से कथित संपर्क मिले. FIR में कहा गया है कि राणा हुसैन ने ‘Rahe Haq’ और ‘RANA BHAI 333’ नाम के WhatsApp चैनलों के लिंक भेजे थे. पुलिस इन संपर्कों, कथित हथियार सौदों और किसी वास्तविक लेनदेन की जांच कर रही है.
जांच में विशाल के पिता को निशाना बनाने के लिए पिस्टल हासिल करने की कथित योजना और उसके पीछे बताए जा रहे पारिवारिक संपत्ति विवाद को भी शामिल किया गया है. परिवार ने आतंकी और हथियार तस्करी के आरोपों से इनकार करते हुए इसे संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला बताया है. गिरफ्तारी के बाद विशाल को आगे की कार्रवाई के लिए NIA अधिकारियों को सौंपे जाने की जानकारी है.
