कर्नाटक के गोकर्ण स्थित डुब्बनशाशी समुद्र तट पर रविवार, 1 नवंबर को तेज लहरों की चपेट में आने से बेंगलुरु की एक निजी कंपनी के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई. मृतकों में झारखंड के जमशेदपुर की 22 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर शोभा दास देवेंद्रनाथ भी शामिल थीं. अन्य मृतकों की पहचान मोहम्मद अकरम इस्माइल अहमद और विश्वा एके के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु के बेलंदूर स्थित कंपनी के 16 कर्मचारी सप्ताहांत की यात्रा पर गोकर्ण पहुंचे थे और समुद्र तट के पास एक रिजॉर्ट में ठहरे थे. रविवार सुबह समूह के पांच सदस्य समुद्र में नहाने उतरे, तभी तेज लहरों ने उन्हें किनारे से दूर खींच लिया.
लाइफगार्ड और स्थानीय मछुआरों ने बचाव अभियान चलाकर दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. उन्हें गोकर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. शोभा दास और अकरम को बचाया नहीं जा सका, जबकि बाद में लापता बताए गए विश्वा एके का शव भी बरामद कर लिया गया. गोकर्ण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
