कर्नाटक के गोकर्ण में रविवार को समुद्र की तेज लहरों की चपेट में आने से बेंगलुरु की एक कंपनी के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई. हादसा डुब्बनशशि बीच पर हुआ, जहां कंपनी के पांच कर्मचारी समुद्र में उतरे थे.
मृतकों की पहचान शोभा दास देवेंद्रनाथ, मोहम्मद अकरम इस्माइल अहमद और विश्वा AK के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार शोभा की उम्र 22 वर्ष और विश्वा की उम्र 24 वर्ष थी. तीनों बेंगलुरु स्थित अलोरिका इकोपेस में काम करते थे. शोभा झारखंड की रहने वाली थीं.
कंपनी के 16 कर्मचारियों की टीम शनिवार शाम गोकर्ण पहुंची थी. टीम एक निजी रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी, जो समुद्र तट के पास बताया गया है. रविवार को पांच कर्मचारी समुद्र में गए, तभी तेज लहरों ने उन्हें किनारे से दूर खींच लिया.
हादसे की सूचना मिलने के बाद लाइफगार्ड और स्थानीय मछुआरों ने बचाव अभियान शुरू किया. उन्होंने निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम को सुरक्षित बाहर निकाला. दोनों को इलाज के लिए गोकर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
शोभा, अकरम और विश्वा को बचाया नहीं जा सका. बचाव प्रयासों के बाद तीनों के शव बरामद किए गए. गोकर्ण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
