कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में गोकर्ण के दुब्बनशशी बीच पर तेज समुद्री लहरों की चपेट में आने से बेंगलुरु स्थित एक निजी कंपनी के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई. हादसा रविवार सुबह हुआ, जब कंपनी के 16 कर्मचारियों का दल सप्ताहांत पर घूमने के लिए गोकर्ण पहुंचा था.

पुलिस के अनुसार, समूह के पांच लोग समुद्र में तैरने के लिए उतरे थे. इसी दौरान अचानक उठी तेज लहर उन्हें गहरे पानी की ओर खींच ले गई. रिसॉर्ट के लाइफगार्ड और स्थानीय मछुआरों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और चार लोगों को बाहर निकाल लिया.

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय शोभा दास, मोहम्मद अकरम और 24 वर्षीय विश्वा के रूप में हुई है. शोभा दास की इलाज के दौरान और अकरम की अस्पताल ले जाते समय मौत हुई. बाद में लापता विश्वा का शव भी बरामद कर लिया गया. हादसे में बचाए गए निशांत और मोहम्मद कासिम का इलाज चल रहा है.

गोकर्ण पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. शवों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कारवार मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेजा गया. पुलिस ने रिसॉर्ट और होमस्टे संचालकों को समुद्र तट की सुरक्षा से समझौता नहीं करने तथा पर्यटकों को खराब समुद्री परिस्थितियों में पानी में न उतरने की सलाह दी है.