कर्नाटक के कलबुर्गी में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की मूर्ति लगाए जाने और कुछ ही घंटों बाद हटाए जाने का मामला सामने आया है. यह मूर्ति मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के कलबुर्गी दौरे से पहले रात में हाई कोर्ट क्रॉस के पास स्थापित की गई थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सात-आठ लोगों के एक समूह ने सूर्यास्त के बाद मूर्ति लगाई थी. स्थानीय अधिकारियों से इसके लिए अनुमति नहीं ली गई थी. मूर्ति सुनहरे रंग की थी और इसमें सिद्धारमैया को हाथ उठाकर अभिवादन करते हुए दिखाया गया था.
जिला अधिकारियों को गुरुवार सुबह मूर्ति की जानकारी मिली. इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और उसे हटा दिया. प्रशासन की कार्रवाई का आधार सार्वजनिक स्थल पर बिना अनुमति निर्माण या स्थापना बताया गया है.
यह घटना उस समय हुई जब डीके शिवकुमार ‘कल्याण कर्नाटक उत्सव’ में शामिल होने के लिए कलबुर्गी पहुंचे थे. मूर्ति लगाए जाने के समय को लेकर राजनीतिक अटकलें जरूर शुरू हुई हैं, लेकिन इसे लगाने वालों की मंशा पर अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
