कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में 105 वर्षीय मां और 85 साल की बेटी का करीब 20 साल बाद भावनात्मक मिलन हुआ. यह मुलाकात बेल्तंगड़ी तालुक के मलवंतिगे गांव के मक्की इलाके में हुई.

मां सीतम्मा अपने बच्चों के साथ रहती हैं. उनकी 11 संतानों में सबसे बड़ी बेटी सुशीला हैं, जो मित्तबागिलु गांव के फगरे इलाके में अपने बच्चों के साथ रहती हैं. दोनों घरों के बीच रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण सुशीला लंबे समय से अपनी मां से नहीं मिल पा रही थीं.

रिपोर्ट के अनुसार, सीतम्मा के घर तक अब भी पक्की सड़क नहीं है. सुशीला के पोते-पोतियों ने उन्हें पहले जीप से जंगल की कच्ची-पथरीली सड़क तक पहुंचाया. इसके बाद उन्हें करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलना पड़ा. रास्ते में पहाड़ी ढलान, चट्टानों और एक छोटी धारा को पार करना पड़ा.

बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण सुशीला के लिए यह सफर कठिन था. वह अक्सर अपने बच्चों से मां से मिलने की इच्छा जताती थीं. आखिरकार परिवार की मदद से उनकी यह इच्छा पूरी हुई और मां-बेटी दो दशक बाद आमने-सामने आईं.