कर्नाटक में दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस जांच बढ़ा दी है. बेंगलुरु के पद्मनाभनगर में 18 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर की रात युवक पर हथौड़े से हमला किया गया और चाकू से वार किए गए. आरोपी पर अपनी पत्नी को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने और उसे फ्लैट के एक कमरे में चार दिन तक बंद रखने का आरोप है.
यह घटना राघवेंद्र लेआउट स्थित SRRK तुलसी अपार्टमेंट की बताई गई है. दंपती अक्टूबर 2024 से यहां किराए पर रह रहा था. मकान मालिक के अनुसार, पिछले छह महीनों से परिवार में अक्सर विवाद होते थे और पड़ोसियों ने कई बार इसकी शिकायत की थी. 19 नवंबर को काफी देर तक घंटी बजाने पर दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में रात करीब 11 बजे ताला खोलकर फ्लैट में प्रवेश किया गया.
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, 44 वर्षीय सुदीप को अपनी 43 वर्षीय पत्नी सीमा के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था. इसी मुद्दे पर दंपती के बीच विवाद होने की बात सामने आई है. सीमा एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करती हैं, जबकि सुदीप पहले निजी बैंकिंग क्षेत्र में काम कर चुका है. मृतक सोहम सीमा की पहली शादी से बेटा था.
मंगलुरु में मेडिकल छात्रा को ले जाने का वीडियो
दूसरी घटना मंगलुरु के कनाचुर मेडिकल कॉलेज परिसर की है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम कुछ लोग एक मेडिकल छात्रा को जबरन खींचकर गाड़ी में बैठाते दिखाई दिए. घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. आरोप है कि छात्रा के परिवार के लोग उसे अपने साथ ले गए.
पुलिस ने केस दर्ज कर छात्रा का पता लगाने की कोशिश शुरू की है. पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी ने कहा कि छात्रा बालिग है और उसे अपनी इच्छा से रहने तथा जीवनसाथी चुनने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि किसी बालिग को उसकी इच्छा के खिलाफ ले जाना अपराध है. पुलिस ने अभी छात्रा के रिश्ते, घटना की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
