कर्नाटक सरकार ने राज्य की चार सरकारी परिवहन निगमों की बस सेवाओं का किराया बढ़ा दिया है. नई दरें 4 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि से लागू होंगी. बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (BMTC) की सेवाओं में औसतन 33 से 35 प्रतिशत और कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) समेत अन्य निगमों में औसतन 23 प्रतिशत वृद्धि की गई है.

बढ़ोतरी BMTC, KSRTC, नॉर्थ वेस्टर्न कर्नाटक रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NWKRTC) और कल्याण कर्नाटक रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (KKRTC) की सामान्य, एक्सप्रेस, लंबी दूरी और एयर-कंडीशंड सेवाओं पर लागू होगी.

बेंगलुरु की सामान्य BMTC बसों में न्यूनतम किराया ₹6 से बढ़कर ₹10 और अधिकतम किराया ₹35 से बढ़कर ₹45 हो गया है. दो किलोमीटर तक की यात्रा पर ₹4 और दो से चार किलोमीटर के सफर पर ₹6 तक की वृद्धि होगी. लंबी दूरी के सफर में अधिकतम बढ़ोतरी ₹12 बताई गई है.

परिवहन मंत्री बायराथी सुरेश के अनुसार, डीजल, कर्मचारियों के वेतन, स्पेयर पार्ट्स और रखरखाव की बढ़ती लागत के कारण यह फैसला लिया गया. चारों निगमों का संयुक्त घाटा करीब ₹10,200 करोड़ बताया गया है. सरकार का कहना है कि किराया वृद्धि का उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि निगमों के घाटे को घटाना और उनकी वित्तीय स्थिति सुधारना है.