कर्नाटक में पेट्रोल के भीतर निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलने के दावे के बीच केंद्र सरकार ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों द्वारा आपूर्ति किया गया E20 पेट्रोल तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है.
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लिए गए 893 नमूनों की जांच की गई. ये नमूने Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum Corporation और Hindustan Petroleum Corporation के डिपो और खुदरा केंद्रों से लिए गए थे. सभी नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित 19-21 प्रतिशत सीमा के भीतर पाई गई.
कर्नाटक से अलग-अलग स्थानों और तीनों तेल विपणन कंपनियों के कुल 56 नमूनों की जांच हुई. इनमें एथेनॉल की मात्रा 19 से 20 प्रतिशत के बीच रही और औसत 19.30 प्रतिशत दर्ज किया गया.
मंत्रालय ने कहा कि कर्नाटक सरकार द्वारा कुछ खुदरा केंद्रों के पेट्रोल में 26 से 31 प्रतिशत एथेनॉल होने का दावा निर्धारित तकनीकी और वैधानिक प्रक्रिया के तहत किए गए परीक्षणों से समर्थित नहीं है. तेल कंपनियों ने नमूना लेने और जांच की पद्धति पर भी सवाल उठाते हुए संयुक्त नमूना संग्रह तथा स्वतंत्र परीक्षण की मांग की है.
