इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (HPCL) ने कर्नाटक सरकार के उस दावे को खारिज किया है, जिसमें कुछ पेट्रोल नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 26 से 31.2 प्रतिशत तक बताए जाने की बात कही गई थी.
कंपनियों ने संयुक्त बयान में कहा कि कर्नाटक समेत देशभर में सप्लाई किया गया E20 पेट्रोल भारतीय मानक IS 17021 के अनुरूप है. उनके अनुसार 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांचे गए 893 नमूनों में एथेनॉल का स्तर 19 से 21 प्रतिशत के बीच था. कर्नाटक के 56 नमूनों में यह औसतन 19.30 प्रतिशत दर्ज किया गया.
OMCs ने आरोप लगाया कि अक्टूबर में हुई राज्य सरकार की नमूना जांच में उनके प्रतिनिधि शामिल नहीं थे. उन्होंने यह भी कहा कि नमूने ऐसे तीसरे पक्ष की प्रयोगशाला में भेजे गए, जिसका उल्लेख संबंधित नियंत्रण आदेश में निर्धारित प्रयोगशाला के रूप में नहीं है.
कंपनियों ने कर्नाटक से पूरी प्रयोगशाला रिपोर्ट, नमूना संग्रह का रिकॉर्ड, आउटलेट-वार विवरण और सुरक्षित रखे गए समकक्ष नमूने मांगे हैं. उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत संयुक्त जांच में सहयोग की पेशकश की है. राज्य सरकार के परीक्षणों में कुछ नमूनों में 31.2 प्रतिशत तक एथेनॉल मिलने का दावा किया गया था, लेकिन इस विवाद का अंतिम निष्कर्ष आधिकारिक पुनःजांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
