कर्नाटक की गृह लक्ष्मी योजना को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी के बीच विवाद तेज हो गया है. बीजेपी नेता सीटी रवि ने आरोप लगाया है कि योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली करीब ₹5,000 करोड़ की राशि का भुगतान नहीं किया गया. उन्होंने सरकार पर विधानसभा और हाई कोर्ट के समक्ष अलग-अलग कारण बताने का भी आरोप लगाया.
गृह लक्ष्मी योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों की महिला मुखिया को हर महीने ₹2,000 देने का प्रावधान है. योजना में करीब 1.27 करोड़ लाभार्थी बताए गए हैं. बीजेपी के अनुसार, फरवरी और मार्च 2025 की किस्तें कई लाभार्थियों को नहीं मिलीं.
रवि का दावा है कि 31 मार्च 2025 को ₹2,660.26 करोड़ ट्रेजरी के Direct Benefit Transfer सिस्टम से कर्नाटक स्टेट वुमेन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के बैंक खाते में भेजे गए थे. उन्होंने इसे वित्तीय नियमों का उल्लंघन बताते हुए लाभार्थियों को पूरी राशि तत्काल देने की मांग की.
सरकार और कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है. इससे पहले सरकार योजना में बड़े पैमाने पर घोटाले के आरोपों को खारिज कर चुकी है.
