कर्नाटक हाईकोर्ट ने 16 साल की लड़की का नाम ‘लक्ष्मी एन.’ से बदलकर ‘वीणा एन.’ करने की अनुमति दे दी है. लड़की के माता-पिता ने कहा था कि ज्योतिष और अंकशास्त्र के हिसाब से ‘वीणा’ नाम उनके लिए अधिक शुभ है. जस्टिस हंचाटे संजीवकुमार ने इस मामले में निचली अदालत का फैसला रद्द करते हुए संबंधित रिकॉर्ड में नया नाम दर्ज करने के निर्देश दिए.

लड़की का जन्म 10 अक्टूबर 2010 को हुआ था. उसके नामकरण समारोह में उसका नाम ‘लक्ष्मी एन.’ रखा गया था. बाद में पिता ने सिविल कोर्ट में याचिका दायर कर बेटी को ‘वीणा एन.’ घोषित करने और स्कूल रिकॉर्ड में यही नाम दर्ज करने की मांग की. सिविल कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी थी.

सिविल कोर्ट के फैसले पर हाईकोर्ट की टिप्पणी

सिविल कोर्ट का कहना था कि ‘वीणा एन.’ नाम के इस्तेमाल का कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं किया गया. अदालत ने यह भी कहा था कि परिवार ने पहले स्कूल से नाम बदलने के लिए संपर्क नहीं किया था.

हाईकोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया. उसने कहा कि यह मामला स्कूल रिकॉर्ड में हुई किसी गलती को सुधारने का नहीं, बल्कि लड़की का नाम बदलने का है. इसलिए ‘वीणा एन.’ नाम वाला कोई पुराना दस्तावेज पेश करने की जरूरत नहीं थी. कोर्ट के अनुसार, लड़की की मांग केवल इतनी थी कि उसे आगे से नए नाम से पहचाना जाए.

परिवार ने हाईकोर्ट को बताया कि नाम बदलने के संबंध में अखबारों में सार्वजनिक सूचनाएं प्रकाशित की गई थीं. उन्होंने कर्नाटक सरकार के उस सर्कुलर का भी हवाला दिया, जिसमें नाम, माता-पिता के नाम या जन्मतिथि में बदलाव के लिए सक्षम सिविल कोर्ट की डिक्री जरूरी बताई गई है.

स्कूल अपने स्तर पर नाम नहीं बदल सकता

हाईकोर्ट ने कहा कि समाज में व्यक्ति की पहचान उसके नाम से होती है और नाम से पहचाने जाने का अधिकार नागरिक अधिकारों से जुड़ा है. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूल अपने स्तर पर किसी व्यक्ति का नाम नहीं बदल सकता. इसके लिए सक्षम सिविल कोर्ट की डिक्री जरूरी होगी.

अदालत ने यह भी नोट किया कि नाम बदलने की मांग पर किसी ने आपत्ति नहीं की थी और इससे प्रतिवादियों या किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान होने की बात सामने नहीं आई. इन्हीं आधारों पर हाईकोर्ट ने ‘लक्ष्मी एन.’ की जगह ‘वीणा एन.’ नाम दर्ज करने की अनुमति दी.