बेंगलुरु: कर्नाटक हाई कोर्ट ने सरकारी अपीलों में हुई लंबी देरी पर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. अदालत ने कहा कि रेड टेप पर रोक लगाने के लिए बनाया गया कर्नाटक कंडक्ट ऑफ गवर्नमेंट लिटिगेशन एक्ट, 2023 खुद प्रशासनिक देरी में उलझा हुआ दिखाई देता है.
जस्टिस एम. नागप्रसन्ना और जस्टिस हेमा कुलकर्णी की डिवीजन बेंच चार अपीलों पर सुनवाई कर रही थी. ये अपीलें कर्नाटक स्टेट लॉ यूनिवर्सिटी के कुछ कर्मचारियों की सेवा से जुड़े एकल पीठ के फैसलों को चुनौती देने के लिए राज्य सरकार ने दायर की थीं. इन मामलों में अपील दाखिल करने में 466 से 1,099 दिन तक की देरी हुई.
कानून में तय समयसीमा का पालन नहीं हुआ
अदालत ने कहा कि 2023 का कानून अधिकारियों को किसी फैसले के खिलाफ अपील, पुनर्विचार या पुनरीक्षण दाखिल करने के लिए निर्धारित समयसीमा का पालन करने को कहता है. इसके बावजूद मौजूदा अपीलों में इस वैधानिक अनुशासन का पालन दिखाई नहीं देता.
बेंच के अनुसार, फाइलों की एक अधिकारी से दूसरे अधिकारी तक आवाजाही, कानूनी राय लेने और दस्तावेज जुटाने जैसी दलीलें केवल प्रशासनिक गतिविधियों का विवरण देती हैं. ये दलीलें देरी को माफ करने के लिए पर्याप्त कारण स्थापित नहीं करतीं.
अदालत ने कहा कि राज्य को एक आदर्श वादी की तरह व्यवहार करना चाहिए, न कि विशेष सुविधा पाने वाले ऐसे पक्षकार की तरह जो प्रक्रिया में लगातार देरी करे. बेंच ने यह भी कहा कि राज्य द्वारा बनाया गया कानून केवल कानून की किताब में सजावटी प्रावधान बनकर नहीं रह सकता.
अदालत के मुताबिक, देरी माफ करने के आवेदनों में कोई असाधारण परिस्थिति, बाध्यकारी अड़चन या विश्वसनीय स्पष्टीकरण नहीं था. एक आवेदन को दूसरे की शब्दशः नकल बताते हुए बेंच ने कहा कि ‘कॉपी-पेस्ट’ किया गया स्पष्टीकरण देरी माफ कराने का आधार नहीं बन सकता.
