कर्नाटक हाई कोर्ट ने राज्य सरकार और पुलिस विभाग को निर्देश दिया है कि पुलिस थानों में निजी पक्षों के बीच दीवानी विवादों को न तो सुना जाए और न ही उनका समझौता कराया जाए. अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि किसी शिकायत में आपराधिक अपराध सामने आता है, तभी पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करे.

न्यायमूर्ति डीके सिंह और न्यायमूर्ति एच. शांति भूषण की खंडपीठ ने कहा कि पुलिस स्टेशन संपत्ति, कब्जे, अनुबंध संबंधी दायित्वों या अन्य दीवानी दावों पर अधिकार तय करने का मंच नहीं बन सकता. पीठ ने पुलिसकर्मियों को थानों के भीतर ऐसी गतिविधियां तुरंत रोकने को कहा.

यह निर्देश राज्य में वकीलों पर हमलों और हत्याओं से जुड़े स्वतः संज्ञान जनहित मामले की सुनवाई के दौरान आया. मामला अधिवक्ता संघ, बेंगलुरु और कर्नाटक स्टेट बार काउंसिल की ओर से उठाई गई चिंताओं के बाद दर्ज किया गया.

अदालत ने यह भी कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश और मानक संचालन प्रक्रियाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. उनका पालन सुनिश्चित करने और उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए प्रभावी निगरानी जरूरी है. मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी.