बेंगलुरु. कर्नाटक हाई कोर्ट ने 2023 के विधानसभा चुनाव के बाद डाक मतपत्रों में कथित छेड़छाड़ से जुड़े आपराधिक मामले को रद्द कर दिया है. यह मामला श्रृंगेरी विधानसभा क्षेत्र में दर्ज हुआ था और इसमें चिक्कमगलूरु के तत्कालीन उपायुक्त के.एन. रमेश, रिटर्निंग अधिकारी वेदमूर्ति टी.आर. और BJP नेता डी.एन. जीवराज़ आरोपी बनाए गए थे.
न्यायमूर्ति एम. नागप्रसन्ना ने मई 2026 में दर्ज FIR को रद्द करते हुए कहा कि शिकायत दर्ज करने में हुई करीब तीन साल की देरी का कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया. अदालत के अनुसार, यह देरी आपराधिक कार्रवाई को प्रभावित करती है और शिकायत में बाद में कई बातें जोड़े जाने की आशंका पैदा करती है.
अदालत ने दर्ज किया कि मतपत्रों के बॉक्स 13 मई 2023 से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच सीलबंद स्ट्रॉन्ग रूम में रखे थे. अप्रैल 2026 में चुनाव याचिका पर आदेश के बाद इन्हें खोला गया था. BJP नेता जीवराज़ ने कांग्रेस उम्मीदवार टी.डी. राजे गौड़ा के चुनाव को चुनौती दी थी. हाई कोर्ट ने 6 अप्रैल 2026 को याचिका पर आंशिक रूप से फैसला देते हुए 2023 की मतगणना में खारिज किए गए 279 डाक मतपत्रों के दोबारा सत्यापन का निर्देश दिया था.
अदालत ने यह भी कहा था कि यदि दोबारा जांच में कोई खारिज मतपत्र वैध पाया जाता है, तो सभी डाक मतपत्रों की पुनर्गणना की जाए. 3 मई 2026 को पुनर्गणना पूरी होने के बाद जीवराज़ को निर्वाचित घोषित किया गया, लेकिन इसके नतीजे पर सुप्रीम कोर्ट ने बाद में रोक लगा दी.
पुनर्गणना के परिणाम घोषित होने के कुछ घंटे बाद राजे गौड़ा के काउंटिंग बूथ एजेंट सुधीर कुमार मुरोली ने शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप था कि ‘बैलेट पेपर अकाउंट’ की शीट में 2023 में ही बदलाव किया गया था, जबकि उस पर सभी उम्मीदवारों के एजेंट के हस्ताक्षर लिए जा चुके थे. हाई कोर्ट ने कहा कि यदि 2023 में ही गिनती को लेकर संदेह था, तो उसी समय शिकायत दर्ज कराई जा सकती थी.
