कर्नाटक के यादगीर जिले की एक अदालत ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की ₹13.57 लाख निधि के कथित दुरुपयोग मामले में दो लोगों को सजा सुनाई है. मामला सुरपुर तालुक की हेमनूर ग्राम पंचायत से जुड़ा है.
अदालत के मुताबिक, पंचायत में कथित तौर पर काम कराए बिना धनराशि का दुरुपयोग किया गया और अनिवार्य दस्तावेज भी नहीं रखे गए. इनमें मस्टर रोल, माप पुस्तिका और कैश बुक शामिल हैं.
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मरुलासिद्धाराध्य ने 13 नवंबर को फैसला सुनाया. हेमनूर ग्राम पंचायत के पूर्व अध्यक्ष देवनागौड़ा निदुगुंडी को तीन साल की जेल और ₹20,000 जुर्माने की सजा दी गई. हेमनूर निवासी सिद्धप्पा को एक साल की जेल और ₹2,000 जुर्माने का आदेश दिया गया.
लोकायुक्त पुलिस ने इस मामले में 1 जनवरी 2013 को केस दर्ज किया था. मुकदमे के दौरान तत्कालीन पंचायत विकास अधिकारी मनप्पा कोंगांदिकर और राजा रामप्पा नायक की मृत्यु हो गई. अदालत में कर्नाटक लोकायुक्त की ओर से विशेष लोक अभियोजक विश्वनाथ उबाले ने पैरवी की.
