कर्नाटक विधान परिषद चुनाव की मतगणना में भाजपा-जदएस गठबंधन को बढ़त मिली है. जदएस समर्थित एपी रंगनाथ ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार पुट्टन्ना को 908 वोटों के अंतर से हराया.

बेंगलुरु शिक्षक सीट पर रंगनाथ को 10,810 और पुट्टन्ना को 9,902 पहली पसंद के वोट मिले. इस सीट पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. कुल 27,405 पंजीकृत मतदाताओं में से 22,468 ने मतदान किया, यानी मतदान प्रतिशत 81.98 रहा.

चार सीटों के इस चुनाव में भाजपा ने दक्षिण-पूर्व स्नातक, पश्चिम स्नातक और उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे, जबकि उसकी सहयोगी जदएस ने बेंगलुरु शिक्षक सीट पर चुनाव लड़ा. कांग्रेस ने सभी चार सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए थे.

मतगणना के दौरान भाजपा के तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में आगे रहने की जानकारी सामने आई है. अंतिम नतीजों के बाद ही गठबंधन के कुल प्रदर्शन की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी.