कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव में भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए सभी सीटों पर जीत दर्ज की. भाजपा ने तीन सीटें जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी JDS ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कब्जा जमाया. कांग्रेस चारों सीटों पर हार गई.
23 अक्टूबर को शिक्षकों और स्नातकों के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ था. बेंगलुरु शिक्षक सीट पर JDS उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा MLC पुत्तन्ना को 908 वोटों से हराया. रंगनाथ को 10,810 और पुत्तन्ना को 9,902 वोट मिले.
भाजपा ने नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स, साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स और वेस्ट ग्रेजुएट्स सीट पर जीत दर्ज की. नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स सीट पर भाजपा के शशिल जी. नामोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को 3,297 वोटों से हराया. नामोशी को 15,596, जबकि मत्तूर को 12,299 वोट मिले.
साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स सीट पर केएम सुरेश ने कांग्रेस उम्मीदवार शशि हुलिकुंटेमठ को 23,098 वोटों से हराया. वेस्ट ग्रेजुएट्स सीट पर भाजपा के एसवी संकनूर ने कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिम्बिकाई को 9,323 वोटों से पराजित किया.
यह चुनाव भाजपा और JDS के बीच गठबंधन और वोट ट्रांसफर की क्षमता की भी परीक्षा माना जा रहा था. नतीजों के बाद NDA ने चारों सीटों पर जीत के साथ अपना प्रभाव मजबूत किया है, जबकि कांग्रेस को शिक्षकों और स्नातकों के बीच अपने समर्थन को लेकर समीक्षा करनी होगी.
