कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव में BJP-JDS गठबंधन ने कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए सभी सीटों पर जीत दर्ज की. BJP ने तीन सीटें बरकरार रखीं, जबकि उसकी सहयोगी JDS ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र कांग्रेस से छीन लिया. कांग्रेस किसी भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकी.
बेंगलुरु शिक्षक सीट पर JDS के एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा MLC पुट्टन्ना को 908 वोटों से हराया. रंगनाथ को 10,810 और पुट्टन्ना को 9,902 वोट मिले. उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर BJP के शशिल जी. नमोशी ने 15,596 वोट हासिल कर कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर को हराया और इस सीट पर अपनी पांचवीं जीत दर्ज की.
दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर BJP के केएम सुरेश ने कांग्रेस उम्मीदवार शशि हुलिकुंटेमठ को 23,098 वोटों के अंतर से हराया. पश्चिम स्नातक सीट BJP के एसवी संकनूर ने जीती.
चुनाव परिणाम कांग्रेस सरकार की स्थिरता को तत्काल प्रभावित नहीं करते, क्योंकि 75 सदस्यीय विधान परिषद में कांग्रेस के पास अभी भी बहुमत है. हालांकि, नतीजे BJP-JDS गठबंधन को 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने का अवसर देते हैं.
