कर्नाटक सरकार ने कर्मचारियों की कमी के कारण लंबित सरकारी निरीक्षण, ऑडिट और प्रमाणन का काम तेज करने के लिए अधिकृत निजी एजेंसियों की मदद लेने का फैसला किया है. यह व्यवस्था पहले उन विभागों में लागू की जाएगी, जहां फील्ड स्तर पर जांच का बड़ा बैकलॉग है.
विभागों को निजी एजेंसियों को सूचीबद्ध करने और उनकी पात्रता तय करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है. कानूनी माप विज्ञान विभाग में बाट और माप उपकरणों के वार्षिक निरीक्षण तथा मुहर लगाने का काम इस व्यवस्था के तहत कराया जा सकता है.
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में खाद्य कारोबारों, होटल, रेस्तरां, मेडिकल स्टोर और फार्मेसी की जांच में भी निजी एजेंसियों की सहायता ली जाएगी. कारखाना एवं बॉयलर विभाग में औद्योगिक बॉयलरों की सुरक्षा जांच और वार्षिक प्रमाणन भी इसके दायरे में आ सकता है.
सरकार के अनुसार, निजी एजेंसियों को काम सौंपने से सरकारी अधिकारियों की वैधानिक शक्तियां समाप्त नहीं होंगी. खाद्य और दवा के नमूने लेने, सामान जब्त करने तथा कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अधिकार सरकारी अधिकारियों के पास ही रहेगा. निजी एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर अधिकारी जोखिम वाले प्रतिष्ठानों पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर सकेंगे.
