कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु के पास देवनगोंथि स्थित Indian Oil Corporation (IOC) टर्मिनल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. यह कार्रवाई एथेनॉल और मोटर गैसोलीन की माप में तय सीमा से अधिक विचलन मिलने के बाद की गई.

राज्य के विधिक माप विज्ञान विभाग की 25 नवंबर को हुई जांच में सत्यापित मास्टर प्रूविंग मेजर से मीटरों की जांच की गई. विभाग के अनुसार, एक मीटर से हर 3,000 लीटर माप पर 14 लीटर एथेनॉल की अतिरिक्त डिलीवरी मिली. इसी जांच में पेट्रोल की डिलीवरी में 4 से 6 लीटर की कमी भी दर्ज की गई. एक अन्य एथेनॉल मीटर में हर 3,000 लीटर पर 3 लीटर अतिरिक्त डिलीवरी पाई गई.

विभाग ने इन गड़बड़ियों को स्वीकार्य सीमा से बाहर बताया है. नोटिस के तहत IOC को सात दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण, सत्यापन प्रमाणपत्र, कैलिब्रेशन और रखरखाव रिकॉर्ड जमा करने होंगे. कंपनी को संबंधित मीटरों का व्यावसायिक लेन-देन में इस्तेमाल तब तक रोकने को कहा गया है, जब तक उनकी सटीकता और नियमों के अनुपालन की पुष्टि नहीं हो जाती.

यह कार्रवाई कर्नाटक में पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत E20 सीमा से अधिक एथेनॉल मिलने के राज्य सरकार के दावों के बीच हुई है. IOC समेत तेल कंपनियां पहले राज्य की सैंपलिंग और जांच पद्धति पर सवाल उठा चुकी हैं.