कर्नाटक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है. सूची में 4.55 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज हैं. SIR शुरू होने से पहले राज्य की मतदाता सूची में 5.54 करोड़ मतदाता थे. इस तरह अंतिम सूची में करीब 99.32 लाख, यानी 17.92% मतदाताओं की कमी दर्ज हुई है.

अंतिम सूची में 2.26 करोड़ पुरुष, 2.29 करोड़ महिलाएं और 2,841 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. 24 अगस्त को जारी ड्राफ्ट सूची में 4.46 करोड़ सामान्य मतदाता दर्ज थे. दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची में 8.64 लाख नाम बढ़े.

घर-घर जाकर हुआ सत्यापन

30 जून से 17 अगस्त के बीच 60,923 बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) ने घर-घर जाकर सत्यापन किया. इस दौरान 5.54 करोड़ मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म तैयार किए गए. इनमें से 4.46 करोड़ मतदाताओं ने फॉर्म जमा किए, जो कुल संख्या का 80.52% है. वहीं, 1.08 करोड़ लोगों ने फॉर्म जमा नहीं किए. ये कुल मतदाताओं का 19.48% हैं और इन्हें ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किया गया था.

फॉर्म जमा नहीं करने वालों में 18 से 19 वर्ष की उम्र के 6.83 लाख युवा और 85 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 3.92 लाख मतदाता भी शामिल हैं.

दावों-आपत्तियों के बाद हुए बदलाव

दावों और आपत्तियों के दौरान कुल 10.08 लाख नाम जोड़े गए. इनमें फॉर्म-6 के जरिए 8.77 लाख, फॉर्म-6A से 2,312 और पता बदलने के लिए फॉर्म-8 के जरिए 1.29 लाख नाम शामिल हैं. इस दौरान 1.88 लाख नाम हटाए गए और 8.97 लाख नामों में सुधार या बदलाव किया गया.

विवरणों का मिलान नहीं होने पर 43.83 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए. मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, सत्यापन के बाद 61,867 मतदाता अयोग्य पाए गए. कार्यालय ने मतदाताओं से अंतिम सूची में अपना नाम जांचने को कहा है.

फैसले से असंतुष्ट व्यक्ति Representation of the People Act, 1950 की धारा 24(a) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के पास अपील कर सकते हैं. इसके बाद धारा 24(b) के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास दूसरी अपील का प्रावधान है.