कर्नाटक में नवंबर आते ही कन्नड़ राज्योत्सव की तैयारियों के साथ एक ऐसे गीत की चर्चा शुरू हो जाती है, जिसकी जड़ें राज्य के गठन से कई दशक पहले की साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना में मिलती हैं. ‘जय हे कर्नाटक माते’ आज कर्नाटक की पहचान से जुड़े प्रमुख गीतों में शामिल है.

कर्नाटक राज्य का गठन 1 नवंबर 1956 को हुआ था. इसके तहत तत्कालीन मद्रास प्रेसीडेंसी, बॉम्बे प्रेसीडेंसी और हैदराबाद रियासत के कन्नड़ भाषी क्षेत्रों को मैसूर राज्य तथा अन्य छोटे रियासतों के साथ जोड़ा गया. कन्नड़ भाषी क्षेत्रों के इस एकीकरण के पीछे साहित्यकारों और लेखकों का दशकों लंबा प्रयास था.

1924 में लिखी गई थी कविता

‘जय हे कर्नाटक माते’ के रचयिता केवी पुट्टप्पा थे, जिन्हें बाद में कुवेम्पु के नाम से जाना गया. उन्होंने 1924 में मैसूर के महाराजा कॉलेज में छात्र रहते हुए यह कविता लिखी थी. कविता पहली बार 1930 में उनके शुरुआती काव्य-संग्रह ‘कोलालु’ में प्रकाशित हुई.

कविता की शुरुआत कर्नाटक को भारत की व्यापक राष्ट्रीय पहचान से जोड़ते हुए होती है—“जय भारत जननिय तनुजाते, जय हे कर्नाटक माते.” इसमें कर्नाटक को भारत माता की पुत्री के रूप में संबोधित किया गया है. उल्लेखनीय है कि उस समय मैसूर राज्य का आधिकारिक नाम कर्नाटक नहीं था. राज्य का नाम 1973 में कर्नाटक रखा गया.

1956 में कुवेम्पु मैसूर विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त हुए. बाद में उनके महाकाव्य ‘श्री रामायण दर्शनम्’ के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार और 1967 में ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला.

कविता से आधिकारिक नादगीत तक

1960 में संगीतकार मैसूर अनंतस्वामी ने कविता की 44 पंक्तियों में से 23 पंक्तियां चुनकर उन्हें धुन दी. यह संक्षिप्त रूप और धुन जल्द ही लोकप्रिय हो गए. कुवेम्पु की 1994 में मृत्यु के बाद, 2003 में उनकी जन्मशती के अवसर पर कर्नाटक सरकार ने ‘जय हे कर्नाटक माते’ को राज्य का आधिकारिक नादगीत घोषित किया.

इसके बाद कविता के किस संस्करण और किस धुन का इस्तेमाल किया जाए, इसे लेकर विवाद हुआ. 2003 में 1977 में प्रकाशित संस्करण को चुना गया. धुन को लेकर विवाद का निपटारा 2024 में हुआ, जब हाई कोर्ट ने मैसूर अनंतस्वामी की धुन के पक्ष में फैसला दिया. इसके बावजूद राज्य के स्कूलों में बच्चे आज भी अपने शिक्षकों से सीखा हुआ लोकप्रिय संस्करण गाते हैं.