कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर में पुलिस ने आतंकी गतिविधियों से जुड़ी कथित साजिश की जांच के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान चिक्कबल्लापुर निवासी शब्बीर और उत्तर भारत से बताए जा रहे सलमान के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, शब्बीर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया. इसके बाद सलमान को हिरासत में लिया गया. जांच एजेंसियां करीब चार महीने पुराने Telegram समूह और उससे जुड़े लोगों की गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि समूह में कथित तौर पर हिंदू नेताओं को निशाना बनाने और अमीर लोगों का अपहरण कर फिरौती वसूलने पर चर्चा हुई थी. पुलिस को संदेह है कि फिरौती से मिलने वाले धन का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए किया जाना था.
अधिकारियों ने समूह के एडमिन और संभावित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है. चिक्कबल्लापुर की पुलिस अधीक्षक पद्मिनी साहू ने दोनों गिरफ्तारियों की पुष्टि की है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपियों के खिलाफ कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.
