कर्नाटक के मंगलुरु में जोकट्टे के पास MRPL ऑयल रिफाइनरी में बुधवार दोपहर हुए जोरदार धमाके में 30 वर्षीय कॉन्ट्रैक्ट वर्कर मनीष करकेरा की मौत हो गई. हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
MRPL के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे क्रोकर हाइड्रोट्रीटर यूनिट में हाई प्रेशर पर काम कर रहा कोल्ड सेपरेटर फट गया. इसके बाद यूनिट में आग लग गई. रिफाइनरी की इमरजेंसी और फायरफाइटिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया. करीब ढाई घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.
आग बुझने के बाद की गई जांच में एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला. मृतक की पहचान मनीष करकेरा के रूप में हुई है. हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.
धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों ने भूकंप जैसा झटका महसूस होने की बात कही. स्थानीय स्तर पर कई घरों में दरारें आने, खिड़कियों के शीशे टूटने और घरों का सामान नीचे गिरने की जानकारी सामने आई है. पास के एक चर्च की छत की कुछ टाइलें भी टूट गईं.
यूनिट हेड और MRPL प्रबंधन के खिलाफ FIR
घटना के बाद सुरथकल पुलिस ने शिकायत के आधार पर क्रोकर हाइड्रोट्रीटर यूनिट के हेड और MRPL प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287, 125(b) और 106 के तहत मामला दर्ज किया है. FIR में दर्ज आरोपों और हादसे की परिस्थितियों की जांच आगे की जा रही है.
