कर्नाटक के मैसूरु दशहरा उत्सव में 61 वर्षीय हाथी अभिमन्यु इस बार आखिरी बार जंबो सवारी की अगुवाई करेगा. वह 26 साल से इस शाही यात्रा का हिस्सा रहा है और वर्ष 2000 से देवी चामुंडेश्वरी की प्रतिमा वाले 750 किलो के हौदे को उठाता आया है.
वन विभाग के डीसीएफ डॉ. आईबी प्रभु गौड़ा के अनुसार, नियमों के तहत अभिमन्यु पिछले साल सेवानिवृत्त हो चुका है. हालांकि, मैसूरु के लोगों के आग्रह पर उसे विदाई जुलूस में शामिल होने की अनुमति दी गई है. जुलूस के बाद उसे मथिगोडु हाथी शिविर भेजा जाएगा, जहां उसकी देखभाल जारी रहेगी.
अभिमन्यु 14 वर्ष की उम्र से वन विभाग में सेवा दे रहा है. उसे कुमकी हाथी के तौर पर प्रशिक्षित किया गया है, यानी वह जंगली हाथियों को नियंत्रित करने के अभियानों में काम करता है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उसने देशभर में 300 से अधिक हिंसक हाथियों और 80 से ज्यादा बाघों-तेंदुओं को पकड़ने के अभियानों में मदद की है. इसी वजह से उसे ‘कैप्टन अभिमन्यु’ और ‘ऑपरेशन का बादशाह’ जैसे नामों से भी जाना जाता है.
उसकी विदाई महावत वसंता, हौदा संभालने वाले अकरम और भोजन प्रभारी रंगराज के लिए भावुक अवसर होगी. वसंता के पिता भी अभिमन्यु के महावत रह चुके हैं. अभिमन्यु के सम्मान में एक विदाई गीत भी तैयार किया गया है.
अभिमन्यु के बाद 750 किलो का हौदा उठाने के लिए धनंजय और प्रशांत को रेत की बोरियों और लकड़ी के हौदे के साथ अभ्यास कराया जा रहा है. आमतौर पर जंबो सवारी में 14 हाथी होते हैं, लेकिन इस बार अभिमन्यु समेत 13 हाथी शामिल होंगे.
इस वर्ष मैसूरु दशहरा उत्सव की तैयारियों की कमान पहली बार महिला रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर यशमा माचम्मा को दी गई है. उत्सव 21 अक्टूबर तक चलेगा.
