मैसूरु: कर्नाटक के प्रसिद्ध मैसूरु दशहरा उत्सव में 61 वर्षीय हाथी अभिमन्यु इस साल आखिरी बार जंबो सवारी का हिस्सा बनेगा. अभिमन्यु 26 वर्षों तक शाही जुलूस का नेतृत्व करता रहा है. वर्ष 2000 से वह देवी चामुंडेश्वरी की प्रतिमा वाले करीब 750 किलोग्राम वजनी स्वर्ण हौदे को उठाता आया है.
वन विभाग के डीसीएफ डॉ. आई.बी. प्रभु गौड़ा के अनुसार, नियमों के तहत अभिमन्यु पिछले साल सेवानिवृत्त है. हालांकि, मैसूरु के लोगों के अनुरोध पर उसे विदाई जुलूस की अगुवाई करने की अनुमति दी गई है. जुलूस के बाद उसे मथिगोडु हाथी शिविर भेजा जाएगा, जहां उसके महावत वसंता उसकी देखभाल जारी रखेंगे. वसंता के पिता भी अभिमन्यु के महावत रह चुके हैं.
स्वर्ण हौदा उठाने वाले हाथियों की तैयारी
अभिमन्यु के बाद धंनजय और प्रशांत को 750 किलोग्राम का स्वर्ण हौदा उठाने के लिए तैयार किया जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान हाथियों को रेत की बोरियों और लकड़ी के हौदे के साथ अभ्यास कराया जा रहा है. आमतौर पर जंबो सवारी में 14 हाथी शामिल होते हैं, लेकिन इस बार अभिमन्यु समेत 13 हाथी जुलूस का हिस्सा होंगे.
अभिमन्यु 14 वर्ष की उम्र से वन विभाग के साथ है और उसे कुमकी हाथी के रूप में प्रशिक्षित किया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसने जंगली हाथियों को नियंत्रित करने तथा हिंसक हाथियों और आदमखोर बाघों-तेंदुओं को पकड़ने के अभियानों में मदद की है. इसी वजह से उसे ‘कैप्टन अभिमन्यु’ और ‘ऑपरेशन का बादशाह’ जैसे नामों से भी जाना जाता है.
दशहरा हाथियों को चने, चावल, नमक और प्याज से बनी करीब आठ घंटे तक पकाई गई खिचड़ी दी जाती है. इसमें ताजी सब्जियां और फल भी मिलाए जाते हैं.
इस बार उत्सव में कंबाला और तुलुनाडु की झांकी भी शामिल की जाएगी. मैसूरु दशहरा उत्सव 21 अक्टूबर तक चलेगा. पहली बार महिला रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर यशमा माचम्मा को हाथियों की टीम और उत्सव की तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
