प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 नवंबर के कर्नाटक दौरे को लेकर बेंगलुरु में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. अधिकारियों के अनुसार, शहर में 1,000 से ज्यादा सिविल पुलिसकर्मियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है. प्रधानमंत्री की यात्रा के मार्ग, मेट्रो स्टेशनों और कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है.

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10:45 बजे प्रशांति कुटीरम में स्वर्ण जयंती समारोह से होगी. इसके बाद दोपहर करीब 12:45 बजे वे तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे और उसमें यात्रा करेंगे.

दोपहर करीब 1:15 बजे बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया जाएगा. इन परियोजनाओं में शहरी परिवहन, बिजली पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम ढांचे, अपशिष्ट प्रबंधन और रेलवे से जुड़े काम शामिल हैं.

इसके बाद प्रधानमंत्री मैसूरु जाएंगे. वहां वे भारत वन में वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम करीब चार बजे कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे.