प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को कर्नाटक में ₹15,600 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. यह कार्यक्रम बेंगलुरु, मेंगलुरु और मैसूरु से जुड़ी परियोजनाओं पर केंद्रित होगा.
बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नम्मा मेट्रो की Pink Line के कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे खंड का उद्घाटन करेंगे. करीब ₹3,470 करोड़ की लागत से तैयार इस हिस्से के बाद वे तावरेकेरे से IIM Bangalore मेट्रो स्टेशन तक यात्रा भी करेंगे.
मेंगलुरु में प्रधानमंत्री देश की सबसे बड़ी भूमिगत LPG भंडारण गुफा राष्ट्र को समर्पित करेंगे. ₹850 करोड़ से अधिक की लागत वाली इस सुविधा की क्षमता 80,000 मीट्रिक टन है. परियोजना में न्यू मेंगलुरु पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी LPG पाइपलाइन भी शामिल है.
इसके अलावा, बेंगलुरु में MRPL के देवणगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल का लोकार्पण और हरलाकुंटे में GAIL के Compressed Biogas Plant का शिलान्यास प्रस्तावित है. प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मेंगलुरु-मडगांव Vande Bharat Express को भी हरी झंडी दिखाएंगे. मैसूरु में वे COSMOS-Mysuru Planetarium का उद्घाटन करेंगे.
