मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े रवि पुजारी को अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बेंगलुरु की जेल से उडुपी लाया गया. वह शनिवार, 14 नवंबर को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मालपे स्थित अपने पैतृक घर पहुंचा, जहां परिवार ने अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं.
रवि पुजारी ने अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया था. अदालत ने उसे सीमित अवधि के लिए उडुपी जाने की अनुमति दी और रस्में पूरी होने के बाद उसे दोबारा बेंगलुरु ले जाने का निर्देश दिया.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बेंगलुरु जेल प्रशासन और सिटी आर्म्ड रिजर्व पुलिस ने उसके आवागमन के लिए सुरक्षा व्यवस्था संभाली. उडुपी जिला पुलिस ने भी अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराई. अदालत के निर्देश के अनुसार पुलिस एस्कॉर्ट और सुरक्षा व्यवस्था का खर्च रवि पुजारी को उठाना है.
उडुपी पुलिस के अनुसार, अनुमति केवल अंतिम संस्कार में शामिल होने तक सीमित थी. समारोह के बाद उसे पुलिस निगरानी में वापस बेंगलुरु ले जाया गया. रवि पुजारी पर हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली से जुड़े कई मामले लंबित बताए जाते हैं.
