सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक के शृंगेरी विधानसभा क्षेत्र में 2023 की मतगणना की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं होने पर भारत निर्वाचन आयोग से कड़ी नाराजगी जताई है. जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ ने सवाल किया कि चुनाव आयोग अपने ही कराए चुनाव से जुड़े रिकॉर्ड के गुम होने की बात कैसे कह सकता है.
सुनवाई के दौरान आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता शेषाद्रि नायडू ने बताया कि 2023 की मूल मतगणना का वीडियो नहीं मिल पा रहा है और उसे तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं. अदालत ने इस दलील पर असंतोष जताते हुए कहा कि आयोग को अपने पास उपलब्ध सभी रिकॉर्ड अगली सुनवाई में पेश करने होंगे.
पीठ ने चेतावनी दी कि यदि अगले आदेश तक उपलब्ध रिकॉर्ड पेश नहीं किए गए, तो आयोग के खिलाफ प्रतिकूल कानूनी निष्कर्ष निकाला जा सकता है. अदालत ने यह भी कहा कि चुनाव कराने वाली संस्था के पास चुनाव से संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड सुरक्षित होने चाहिए. मामले की अगली सुनवाई 15 फरवरी 2027 को होगी.
201 वोटों से शुरू हुआ विवाद
2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता टीडी राजेगौड़ा को शृंगेरी सीट पर 201 वोटों के अंतर से विजेता घोषित किया गया था. भाजपा उम्मीदवार डीएनए जीवराज ने इस नतीजे को कर्नाटक हाई कोर्ट में चुनौती दी. हाई कोर्ट ने अप्रैल 2026 में डाक मतपत्रों की पुनर्गणना का आदेश दिया. इसके बाद 3 मई 2026 को जारी संशोधित परिणाम में राजेगौड़ा के वोट कम हुए और जीवराज को विजेता घोषित किया गया.
राजेगौड़ा ने हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. उन्हें अंतरिम राहत देते हुए विधायक पद पर बने रहने की अनुमति दी गई थी. उनका दावा है कि हाई कोर्ट ने केवल 279 खारिज डाक मतपत्रों की दोबारा जांच का आदेश दिया था, जबकि चुनाव अधिकारी ने 562 वैध मतपत्रों का भी पुनर्मूल्यांकन कर दिया. इसी प्रक्रिया की निष्पक्षता परखने के लिए मूल मतगणना और पुनर्गणना की वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी गई है.
