उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास शुक्रवार को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में कर्नाटक के पांच तीर्थयात्रियों और पायलट की मौत हो गई. हेलिकॉप्टर बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा था और चाई गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ.

कर्नाटक सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय और राहत आयुक्त उत्तराखंड प्रशासन के संपर्क में हैं. अधिकारियों के अनुसार, शवों को पहले दुर्गम हादसा स्थल से निकालकर जोशीमठ लाया जा रहा है. इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शवों को कर्नाटक भेजने की व्यवस्था की जाएगी.

हादसा स्थल तक पहुंचना कठिन होने के कारण बचाव अभियान में भारतीय सेना, ITBP, SDRF, NDRF, पुलिस और वन विभाग की टीमें शामिल हैं. शुक्रवार को अंधेरा, खराब भू-भाग और जंगली जानवरों की मौजूदगी के कारण अभियान रोकना पड़ा था.

मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि राज्य सरकार परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने उत्तराखंड में मौजूद पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की.