नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा नेता और धारवाड़ जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़ा की हत्या के मामले में पूर्व कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी को मिली राहत रद्द कर दी है. अदालत ने कर्नाटक हाई कोर्ट के उस आदेश को खारिज कर दिया, जिसमें कुलकर्णी की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें अंतरिम जमानत दी गई थी.

जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने कुलकर्णी समेत अन्य दोषियों के जमानत बांड रद्द करते हुए उन्हें संबंधित अदालत के सामने दो हफ्ते के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया. आदेश के बाद हाई कोर्ट में लंबित उनकी अपील के दौरान जेल से बाहर रहने की राहत समाप्त हो गई है.

बेंगलुरु की विशेष अदालत ने 15 अप्रैल 2026 को कुलकर्णी और 16 अन्य लोगों को हत्या और आपराधिक साजिश के मामले में दोषी ठहराया था. 17 अप्रैल को सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. इसके बाद हाई कोर्ट ने 31 जुलाई को दोषसिद्धि और सजा पर रोक लगाकर कुलकर्णी को जमानत दी थी.

योगेश गौड़ा की 15 जून 2016 को धारवाड़ के एक जिम में हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी थी. मामले की जांच बाद में CBI को सौंपी गई थी.