केरल के अलप्पुझा जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर नियंत्रण अभियान शुरू किया है. बुधवार को अंबलप्पुझा नॉर्थ, अंबलप्पुझा साउथ और चेन्निथला-थ्रिप्परुंथुरा पंचायतों में 18,600 से ज्यादा पक्षियों को मारा गया, जबकि 28,040 अंडे नष्ट किए गए.
अभियान प्रभावित फार्मों के एक किलोमीटर के दायरे में चलाया गया. प्रशासन के मुताबिक, कुल 7,116 मुर्गियां, 11,057 बतख और 447 बटेर मारे गए. करीब 100 किलोग्राम पोल्ट्री फीड भी नष्ट किया गया. पक्षियों के अवशेषों को संक्रमण फैलने से रोकने के लिए जला दिया गया.
अंबलप्पुझा नॉर्थ के प्रभावित इलाकों से 7,331 पक्षी, चेन्निथला-थ्रिप्परुंथुरा से 11,289 और अंबलप्पुझा साउथ से 20 पक्षी हटाए गए. अंबलप्पुझा नॉर्थ के वार्ड 11 स्थित एक फार्म में बटेर और मुर्गियों में संक्रमण मिला था. वहीं, चेन्निथला-थ्रिप्परुंथुरा के वार्ड 1 के एक फार्म में बतख और मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई. भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीजेज में भेजे गए नमूनों की जांच पॉजिटिव आई थी.
10 किलोमीटर का निगरानी क्षेत्र
दोनों प्रभावित क्षेत्रों में तीन-तीन रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गईं. हर टीम में एक डॉक्टर, दो पशुधन निरीक्षक, दो अटेंडेंट और चार कर्मचारी शामिल थे. टीमों ने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण पहनकर कार्रवाई की.
संक्रमण पर नियंत्रण के लिए प्रभावित फार्मों के आसपास 10 किलोमीटर के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित किया गया है. पोल्ट्री और उससे जुड़े उत्पादों की बिक्री व परिवहन पर एक सप्ताह की रोक लगाई गई है. एक किलोमीटर के दायरे में अभियान पूरा होने के बाद तीन महीने तक घरेलू पक्षी पालने पर भी पाबंदी रहेगी.
