केरल हाई कोर्ट ने वायलिन वादक बालभास्कर और उनकी बेटी की 2018 में हुई मौत के मामले में फिर से जांच कराने का निर्देश दिया है. अदालत ने ट्रायल कोर्ट के आदेश को निरस्त करते हुए कहा कि नई जांच किसी ऐसे अधिकारी से कराई जाए जिसकी ईमानदारी पर संदेह न हो और जो कम से कम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर का हो.

यह मामला 25 सितंबर 2018 को तिरुवनंतपुरम के पास हुए सड़क हादसे से जुड़ा है. हादसे में बालभास्कर की 18 महीने की बेटी की मौत हो गई थी, जबकि बालभास्कर ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया. उनकी पत्नी और वाहन चालक बच गए थे.

परिवार की याचिका पर अदालत ने कहा कि पहले की जांच में सामने आई 20 संदिग्ध परिस्थितियों की पर्याप्त पड़ताल नहीं की गई. अदालत के अनुसार, बाद की सीबीआई जांच में गवाहों के बयानों को दोबारा दर्ज करने तक सीमित रुख अपनाया गया और उसे पहले की जांच के निष्कर्ष दोहराने वाली कार्रवाई बताया गया.

अदालत ने यह भी कहा कि कथित तौर पर घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बारे में किए गए दावों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए.