केरल के फोर्ट कोच्चि स्थित Kashi Art Cafe को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक टकराव में बदल गया है. BJP केरल अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन पर ‘चयनात्मक धर्मनिरपेक्षता’ अपनाने का आरोप लगाया है.

चंद्रशेखर ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ संविधान के अनुच्छेद 19(2) के तहत लागू सीमाएं भी सभी पर समान रूप से लागू होनी चाहिए. उन्होंने हिंदू, ईसाई और मुस्लिम समुदायों की धार्मिक भावनाओं के प्रति समान संवेदनशीलता बरतने की अपील की.

विवाद एक सोशल मीडिया वीडियो के बाद शुरू हुआ, जिसमें influencer अमृत सिंह डैरेन ने कैफे, उसके नाम और वहां प्रदर्शित महात्मा गांधी-मुहम्मद अली जिन्ना से जुड़ी कलाकृति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. मुख्यमंत्री सतीशन ने वीडियो को सामुदायिक विभाजन और केरल की छवि खराब करने का प्रयास बताया था.

फोर्ट कोच्चि पुलिस ने कैफे मालिक की शिकायत पर BNS की धारा 353(2) और 192 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी फोर्ट कोच्चि से जा चुका है और उत्तर प्रदेश में उसके पते का सत्यापन किया जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कैफे का नाम जापानी शब्द ‘काशी’ से जुड़ा है, जिसका अर्थ मिठाई या confectionery बताया गया है.