केरल के फोर्ट कोच्चि में एक कैफे और क्षेत्र की आबादी को लेकर कथित आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाले यूट्यूबर अमृत सिंह डैरेन के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, वीडियो में काशी आर्ट कैफे में महात्मा गांधी और मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर साथ लगाए जाने तथा बीफ परोसे जाने को लेकर सवाल उठाए गए थे.
यूट्यूबर ने फोर्ट कोच्चि में मुस्लिम समुदाय के लोगों की संख्या और कारोबार में उनकी मौजूदगी को लेकर भी दावे किए थे. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 353(2) और 192 के तहत कार्रवाई की है. शिकायत में आरोप लगाया गया कि वीडियो से दो समुदायों के बीच वैमनस्य और सार्वजनिक अशांति पैदा हो सकती है.
मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कहा कि केरल में सांप्रदायिक नफरत के लिए कोई जगह नहीं है और कानून अपना काम करेगा. इस पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सतीशन पर ‘चुनिंदा धर्मनिरपेक्षता’ अपनाने का आरोप लगाते हुए सभी समुदायों के प्रति समान रुख की मांग की. मामले को लेकर मुस्लिम यूथ लीग की एर्नाकुलम जिला इकाई ने भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
