केरल के एर्नाकुलम जिले के कालडी स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय में 16 SFI-संबद्ध छात्रों के निलंबन को लेकर विवाद कानूनी लड़ाई में बदल गया है. विश्वविद्यालय ने 13 अगस्त 2026 को पुनर्गठित सिंडिकेट की पहली बैठक के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की थी.
विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने कुलपति सिजा थॉमस का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया. कालडी पुलिस में दर्ज प्राथमिकी में छात्रों पर कुलपति के साथ कथित दुर्व्यवहार, उन्हें बदनाम करने और उनकी कार को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, SFI के राज्य नेतृत्व ने इन आरोपों को खारिज किया है. उसका कहना है कि थिएटर विभाग के छात्रों ने पढ़ाई में इस्तेमाल होने वाले खराब लाइटिंग उपकरणों की ओर ध्यान खींचने के लिए प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया था.
12 छात्रों को सशर्त राहत का प्रस्ताव
2 नवंबर को हुई सिंडिकेट बैठक में 16 में से 12 छात्रों का निलंबन सशर्त रूप से वापस लेने का निर्णय लिया गया. इसके लिए छात्रों से बिना शर्त माफी मांगने और भविष्य में विश्वविद्यालय के अनुशासन का उल्लंघन नहीं करने का लिखित आश्वासन मांगा गया. SFI कार्यकर्ताओं ने माफी मांगने से इनकार कर दिया और निलंबन बिना शर्त वापस लेने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन रिले भूख हड़ताल शुरू कर दी.
इस बीच, सेमेस्टर परीक्षाओं में बैठने का अधिकार भी विवाद का केंद्र बन गया. केरल हाईकोर्ट की एकल पीठ ने छात्रों को 4 नवंबर से शुरू हुई परीक्षाओं में बैठने की अनुमति दी थी. इसके खिलाफ कुलपति और सिंडिकेट की याचिका पर 3 नवंबर को खंडपीठ ने एकल पीठ के आदेश पर हस्तक्षेप किया. खंडपीठ ने कहा कि छात्रों ने उपस्थिति की कमी को माफ करने के लिए आवेदन नहीं दिया था. इसके बाद छात्रों ने राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.
